उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में मुख्य विकास अधिकारी पर कर्मचारी के शोषण का आरोप लगा है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारी को न सिर्फ थप्पड़ जड़े, बल्कि उठक-बैठक भी लगवाईं। वहीं मामले की वीडिया वायरल होने पर जिले भर के पंचायत सचिवों ने विकास भवन पर हंगामा किया और फिर एसपी सिटी को तहरीर सौंपी।
जानकारी के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा ने नजीबाबाद क्षेत्र में लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान एक कर्मी के साथ बदसलूकी की। उन्होंने कर्मचारी को धमकाते हुए थप्पड़ जड़ दिए। बताया गया कि नजीबाबाद के गांव रामपुर चाथा में लाईब्रेरी के निरीक्षण के समय पंचायत सचिव को थप्पड़ मारा और सभी के सामने सचिव को मुर्गा बनाकर उठक बैठक लगवाईं। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
मामले की वीडियो सामने आने पर पंचायत सचिव मुख्य विकास अधिकारी के खिलाफ मुखर हो गए और जिले भर के पंचायत सचिवों ने एकत्र होकर जमकर हंगामा किया और फिर एसपी सिटी को सीडीओ पूर्ण बोरा के खिलाफ तहरीर सौंपी और कार्रवाई की मांग की।