सड़क पर घूम रहे आवारा सांड़ की टक्कर से बाइक सवार सोनित (30) की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी राजकुमार और जावेद गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गांव बहटौला के पास हुआ।
गांव बहटौला निवासी सोनित पुत्र कृपाल सिंह अपने साथी राजकुमार और जावेद के साथ एक ही बाइक से बास्टा गया था। बाजार में खरीदारी करने के बाद तीनों अपने गांव लौटने लगे। गांव के पास पहुंचे तो बाइक के सामने अचानक सांड़ आ गया। सांड़ से टकराने के बाद इनकी बाइक गिरी और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने सोनित को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
मृतक के भाई रिंकू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि जंगली सांड़ की टक्कर से उनके भाई की मौत हुई। सीओ चांदपुर देशदीपक ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनित बास्टा से धनौरा के लिए टैम्पू चलाता था।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, सफाई कर्मी की दबकर मौत
शुक्रवार को विकास खंड क्षेत्र के गांव दीत्तनपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़ा डालने गए जैतरा निवासी सफाई कर्मी कार्तिक (19) पुत्र राजेश की ट्रैक्टर पलटने से दबकर मौत हो गई। मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और फिर बाद में थाने गए। पुलिस द्वारा परिवार के लोगों को बगैर बताए उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने से नाराज होकर कर्मचारी एवं परिजनों ने अस्पताल में काफी देर तक हंगामा किया।
थाना क्षेत्र के गांव जैतरा निवासी कार्तिक धामपुर से सटी ग्राम पंचायत दीत्तनपुर में प्रधान नफीस अहमद के लिए निजी कर्मचारी के तौर पर सफाई कर्मी का काम करता था। शुक्रवार को कार्तिक अपने एक साथी गांव भज्जावाला निवासी सफाई कर्मचारी विनीत के साथ गांव के बाहर पूरनपुर मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़ा डालने गया था। जहां कूड़ा डालने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में उतरकर पलट गई। हादसे में कार्तिक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक अविवाहित था, तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सीओ अंजनी कुमार का कहना है कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।