बिजनौर। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत लोगों को लाभ देने में बिजनौर का प्रदेश में 13वां स्थान है। पात्र लाभार्थियों का सरकारी और निजी अस्पतालों में सुलभ इलाज कराया जा रहा है।
जिले में आयुष्मान भारत योजना में 1561094 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 1026116 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। कार्ड बनाने में प्रदेश में बिजनौर का 36वां स्थान है। जबकि जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 115273 लोगों का इलाज कराया जा चुका है। सरकार ने पात्रों को इलाज कराने में 205 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। जिले में 93 अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से जुड़े हुए हैं। 69 निजी और 24 सरकारी अस्पताल आयुष्मान योजना का लाभ दे रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। मेडिकल अस्पताल में आने वाले मरीजों का आयुष्मान कार्ड से इलाज किया जा रहा है।
- वर्जन:
आयुष्मान भारत योजना में जिले का प्रदेश में अच्छा स्थान है। पात्र लाभार्थियों को सुलभ इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में शामिल लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। - डॉ. राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा, नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना, बिजनौर