बिजनौर में ऊर्जा व जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बिजनौर जिले को स्वच्छता में प्रदेश के टॉप ट्रेन जिले में लाना है। जिले को स्वच्छ करने, भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त बनाने के लिए अफसरों को संकल्प दिलाया गया है। वे चाहते हैं कि जिले की समस्या का अफसर यहीं निदान करें। लखनऊ तक जिले की कोई समस्या नहीं जा पाए। उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनाव में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है।
विकास भवन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बिना किसी भेदभाव के पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की है। गरीब व किसानों की यह सरकार है। यह पहली ऐसी सरकार है जिसने किसानों को सुरक्षा कवच दिया है। चुनाव के दौरान जो वादे किए उसमें प्रभावी कदम उठाए गए। सभी किसानों का फसली ऋण माफ किया गया। कहा कि उनकी सरकार ने पांच हजार कुंतल गेहूं खरीद केंद्र खोले हैं। ऐसा पहली बार हुआ है। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को ट्रैक्टर ट्रॉली या किसी अन्य वाहन पर फूंके ट्रांसफार्मर को ले जाने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने ऐसे इंतजाम किए है कि 1912 नंबर डायल कीजिए 72 घंटे की जगह 48 घंटे में फंका ट्रांसफार्मर बदलने कर्मचारी खुद पहुंच जाएंगे। किसानों की फसल का बिजली व अन्य किसी से नुकसान होने पर सात दिन में नुकसान की भरपाई करने के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। बहन बेटियों की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाए गए हैं। सूबे की बेटियों में अब सुरक्षा का भाव है। मनचलों में खौफ व डर दिखाई दे रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा व सड़कों को बेहतर बनाने का काम हो रहा है। कहा कि किसानों के गन्ने का मिलों पर बकाया था। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने किसानों के गन्ने का भुगतान दिलाने का काम किया है। तीन सीजन का बकाया किसानों को दिलाया है।
जो मिल भुगतान नहीं कर रही उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि सरकार आमजन व किसानों की है। सरकार ने जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील पर 20 और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने की व्यवस्था की है। नवरात्रों में सभी शक्ति पीठ पर 24 घंटे बिजली दी गई । बोर्ड की परीक्षा के दौरान रात में सुबह पेपर होने के दौरान बिजली देने का रोस्टर लागू किया गया। मंत्री ने कहा कि दो अक्टूबर 2018 तक जिले को बिजनौर को स्वच्छता में टॉप टेन जिलों में लाने के साथ बिजनौर को अपराध मुक्त, शिक्षा और स्वास्थ्य में अव्वल लाने का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि जिले में अभी उन्होंने अध्याय की शुरुआत विनम्रता पूर्वक की है। अफसरों से कहा कि सरकार की मंश के अनुरूप काम करें उनका पूरा मान सम्मान होगा। जनता की सुनवाई नहीं हुई तो सरकार कठोर कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
सभी मिलकर एक टीम के रूप में काम करें। कहा स्वच्छता के साथ शहरों में स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने, नालियों को साफ करने को कहा। मंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों केेे प्लास्टिक पालीथीन मुक्त कराने का भी संकल्प दिलाया। कहा कि बिजनौर की समस्या का निस्तारण डीएम एसपी स्तर पर हो, तहसील दिवस, थाना दिवस में समस्या का निदान कराया जाए। मंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री कानून का राज चाहते हैं उसमें कोई भी आड़े आएगा तो सरकार कार्रवाई करने से बचेगी नहीं। लखनऊ में एक सैल बनाया गया है। नगीना सांसद डा. यशवंत सिंह बिजनौर, विधायक सुचि चौधरी, धामपुर अशोक राणा, चांदपुर कमलेश सैनी, बढ़ापुर सुशांत कुमार ,नूरपुर लोकेंद्र चौहान, नहटौर ओमकुमार, डीएम जगत राज, एसपी अजय साहनी, सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी समेत तमाम अफसर व नेता मौजूद रहे।