कूड़े के ढेर से उठ रहे धुएं को देखकर एडीएम भड़के
नहटौर। गांगन पुल के निकट नगर पालिका द्वारा डाले गए कूड़े के ढेर से उठ रहे धुएं को देखकर एडीएम (प्रशासन) भड़क गए। उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी रुकवाकर वीडियो भी बनाई। एडीएम ने कार्रवाई की बात कही है।
नगर पालिका द्वारा नहटौर धामपुर मार्ग पर डाले गए कुड़े के ढेर में महीनों से आग व धुआं उठ रहा है, लेकिन प्रदूषण विभाग कुछ नहीं करता है। दर्जनों जिम्मेदार लोग देखते हुए भी इसे नजर अंदाज करते हुए निकल जाते हैं। कई बार धुएं में निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सड़क पर धुआं ही धुआं दिखाई पड़ता है। इस धुएं से गांगन नदी का पानी भी प्रदूषित हो रहा है।
महीनों पहले कूड़े से उठ रहे धुएं को लेकर खबर भी प्रकाशित की गई पर प्रदूषण विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि किसानों की पराली व औद्योगिक इकाइयों से उठने वाला धुआं तो दिखाई दे रहा है, लेकिन कूड़े से उठने वाले धुएं की ओर कोई भी ध्यान देने को तैयार नहीं है। एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ कूड़े के ढेर से उठ रहे धुएं को देखकर रुके। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई की बात कही है।
सड़क किनारे डाला जा रहा है कूड़ा
नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे गड्ढों में कूड़ा डाला जा रहा है। अक्सर इन कूड़े के ढेरों में आग लग जाती है। उसके बाद उनमें धुआं उठने का सिलसिला शुरू हो जाता है। महीनों तक धुआं उठता ही रहता है जो वातावरण को प्रदूषित करता है।