हरेवली मार्ग पर बाबूजी मेमोरियल स्कूल के पास टाटा मैजिक की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं टाटा मैजिक छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर करीब 12:20 बजे टाटा मैजिक शेरकोट से हरेवली की ओर जा रही थी, जबकि मोटरसाइकिल हरेवली से शेरकोट की तरफ आ रही थी। बाबूजी स्कूल के समीप दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के चलते आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
मोटरसाइकिल पर सवार शोएब (18) पुत्र मोहम्मद राजील निवासी ग्राम नूरपुर छिपरी, थाना शेरकोट जनपद बिजनौर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 की मदद से घायल युवक को सीएचसी धामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही टाटा मैजिक और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भेजा। हादसे के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है।