- गांव भरैरा के गुलशन, मुकुल और अनिकेत पर कार सवारों ने किया था हमला
- छात्र गुलशन और मुकुल की हो चुकी हैं मौत, तीसरा साथी अस्पताल में भर्ती
- थाने पहुंचकर गांव वालों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को दोहराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बाइक सवार तीन दोस्तों पर कार चढ़ाने और लाठी डंडों से पीटने के मामले में छात्र गुलशन के बाद उसके साथी मुकुल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरा दोस्त अभी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। उधर, गांव वालों ने थाने पहुंचकर हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार की देर शाम गांव भरैरा का रहने वाला इंटरमीडिएट का छात्र गुलशन अपने दो दोस्तों अनिकेत और मुकुल के संग बिजनौर एक शादी में शामिल होने आया था। मंडप में डांस को लेकर कुछ युवकों से तीनों दोस्तों का विवाद हुआ था। उस वक्त तो समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया गया था। इसके बाद गुलशन अपने दोनों दोस्तों के संग बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकला था।
इनका पीछा करते हुए कार सवार युवकों ने बाइक में टक्कर मार दी थी। लाठी डंडों से भी हमला भी किया था। इसमें गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक गुलशन के भाई की ओर से कार सवार रुपेश और संजीव के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कराया गया था। शनिवार को मुकुल निवासी भरैरा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
शनिवार को गांव भरैरा और सालमाबाद के सैकड़ों लोग शहर कोतवाली पहुंचे। हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। बताया कि पुलिस इस मामले को सड़क हादसा ना समझे, यह हत्या की गई है।