नहटौर में बिजली विभाग के जेई को ज्ञापन देते भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ता।
- फोटो : BIJNOR
नहटौर (बिजनौर)। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की एक पंचायत ब्लाक परिसर में आयोजित की गई। पंचायत में बिजली की लगातार बिगड़ती व्यवस्था पर रोष व्यक्त करते हुए विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान बिजली विभाग के जेई को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के ब्लाक अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह की अध्यक्षता में ब्लाक परिसर में एक पंचायत हुई। पंचायत में कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस समय बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। किसान अपनी फसलों की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने पंचायत में आए बिजली विभाग के जेई संजय शर्मा को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि दिन में फसलों की सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली दी जाए। जर्जर हो चुकीं बिजली लाइनों को शीघ्र ठीक किया जाए। ग्राम फलौदा में 11 हजार की लाईन को जल्द ठीक किया जाए। ग्राम खजूरा में जर्जर हो चुके बिजली के तारों को जल्द ठीक कराया जाए। ऐसा शीघ्र नहीं हुआ तो भाकियू बड़े आंदोलन को बाध्य होगा। जेई को ज्ञापन सौंपने में चौधरी तेजवीर सिंह के साथ धर्मवीर सिंह, अनुज कुमार, जोनी कुमार, सौरभ तोमर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।