बिजनौर में भाकियू अंबावत ने जिलास्तरीय मासिक बैठक कर डीएम को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम बिजनौर को सौंपा। गन्ना समिति प्रांगण में जिलाध्यक्ष विजय सिंह सहरावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस बात पर रोष व्यक्त किया गया कि नहरों में अभी तक पानी नहीं आ रहा है। गन्ना भुगतान ब्याज सहित करने, नांगल से चंदक तक की पटरी पक्की कराने, जर्जर विद्युत लाइनों को ठीक कराने और विद्युत लाइनों की चपेट में आकर जलीं फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। बैठक में शिव कुमार, धीर सिंह, धर्मपाल, फुरकान, प्रधान हरवीर सिंह, कृष्ण कुमार त्यागी, महिपाल सिंह, डॉ. प्रीतम सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम ब्रजेश कुुमार को ज्ञापन सौंपा।
किसानों की महापंचायत स्थगित
बिजनौर में नौ मई को भारतीय किसान यूनियन की धामपुर में होने वाली महापंचायत स्थगित कर दी गई। भाकियू ने यह निर्णय जिला प्रशासन से हुई वार्ता के दौरान सहमति बनने पर लिया। विकास भवन में भाकियू पदाधिकारियों की जिला प्रशासन के साथ वार्ता हुई। इसमें प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ प्रवीण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह, एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, सीओ धामपुर महावीर सिंह आदि अधिकारियों ग्राम गजूपुरा के ग्राम प्रधान अनीस अहमद प्रकरण पर खेद व्यक्त किया। भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि गजूपुरा के ग्राम प्रधान प्रकरण में जिला प्रशासन ने खेद प्रकट करते हुए आश्वासन दिया कि बूथ की गलत रिपोर्ट देने वाले लेखपाल, कानूनगो, ग्राम प्रधान के साथ अकारण मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धामपुर में नौ मई को होने वाली किसानों की महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। इस दौरान भाकियू ने जिला प्रशासन से ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे वापस लेने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में गजूपुरा ग्राम प्रधान अनीस जैदी, मिशाल मेहंदी, प्रदेश महासचिव रामोतार सिंह, संरक्षक विजयपाल सिंह, अतुल कुमार, कुमार विनोद परमार, कुलदीप सिंह, सुरपाल सिंह, महेंद्र सिंह, सुनील प्रधान आदि रहे।
गन्ना सर्वेक्षण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बिजनौर में बिजनौर व बिलाई चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना सर्वेक्षण कराने के लिए मिल अफसरों की बैठक ली गई। दोनों मिलों में गन्ना सर्वे जल्द कराने के लिए कहा गया। डीसीओ ओपी सिंह ने कहा कि बिजनौर चीनी मिल का रकबा 8200 व बिलाई चीनी मिल का रकबा 23 हजार हेक्टेयर है। बिजनौर में सर्वे के लिए 13 व बिलाई क्षेत्र में 46 टीमें लगाई जाएंगी। डीसीओ ने कहा कि विगत साल के सर्किल इंचार्ज को इस बार उस सर्किल में न रखा जाए। कृषक से घोषणा पत्र जरूर भरवाएं। घोषणा पत्र में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक की पासबुक की फोटो कॉपी सर्वेयर को उपलब्ध कराई जाएं। सर्वे में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपर सांख्यिकी अधिकारी विकल भारती ने कहा कि जिस क्षेत्र में सर्वे हो वहां पर तीन दिन पहले ही किसानों को सूचित कर दिया जाए। सर्वे के बाद सभी किसानों के मोबाइल पर एसएमएस की जाएं। सर्वे संबंधी आंकड़े चीनी मिल दैनिक रूप से अपलोड करेंगी। इस दौरान बिजनौर मिल के जीएम इसरार अहमद, एससीडीआई दालेश्वर मिश्र, गन्ना महाप्रबंधक राहुल चौधरी, बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह, प्रेम सिंह, ओमप्रकाश, संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।