भाकियू ने महापंचायत को लेकर किया जनसंपर्क, सौंपी जिम्मेदारी
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन की 13 अगस्त को कलक्ट्रेट में होने वाली किसान-मजदूर महापंचायत को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया गया। जिसमें गांव गांव बैठक कर अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की गई। वहीं प्रतिनिधिमंडल ने डीएम और एसपी से भी मुलाकात की।
बृहस्पतिवार को ग्राम देवलगढ़ में गंगा किनारे आयोजित खादर क्षेत्र के डैबलगढ, बादशाहपुर, शहजादपुर, नारायणपुर, सिमली आदि दर्जनों गांवों में जनसंपर्क किया। मंडल अध्यक्ष मुरादाबाद बाबूराम तोमर ने कहा कि किसानों के सामने करो या मरो की स्थिति है। इसलिए एकजुट होकर भारतीय किसान यूनियन को मजबूत करना है। उन्होंने कहां कि भारतीय किसान यूनियन की टोपी और झंडा लगाकर अन्य संगठन सिर्फ अपने स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे हैं, उन्हें किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। आज किसान का गन्ना भुगतान नही हो रहा और आवारा जानवर किसानों की अगली फसल को तबाह कर रहे है। ब्लॉक अध्यक्ष डॉ विजय चौधरी ने कहा कि गंगा ने देवलगढ़ में कटान शुरू कर दिया है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। डॉक्टर अकमल की अध्यक्षता व जगदीश प्रधान के संचालन में आयोजित पंचायत में युवा जिला अध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बाठ, ब्लॉक महासचिव पंकज सहरावत व लवकेश सिंह, राजेंद्र सिंह, रणपाल सिंह चौहान, मूला प्रधान, ब्रजपाल सिंह, निशार अहमद, अनुज कुमार, इरफान अहमद, कपिल कुमार आदि भाकियू पदाधिकारी मौजूद रहे।
नहीं मानी धरना स्थगित करने की अपील
डीएम उमेश मिश्रा ने बृहस्पतिवार को भाकियू के शीर्ष पदाधिकारियों को कलक्ट्रेट मीटिंग हॉल में बुलाकर एसपी दिनेश सिंह की मौजूदगी में वार्ता की। जिसमें डीएम उमेश कुमार मिश्रा ने भाकियू पदाधिकारियों से अमृत महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली महापंचायत को स्थगित करने की मांग की। जिस पर भाकियू के शीर्ष पदाधिकारियों ने कहा कि किसान भी देश की आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा, यह कहकर महापंचायत की तिथि बदलने से इनकार कर दिया।
किसान प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि बिजनौर के इतिहास में पहली बार दर्ज होगा कि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत 13 अगस्त को कलक्ट्रेट में किसानों की ओर से आयोजित होने वाले राष्ट्रगान में शरीक होने आएंगे। डीएम से मिले प्रतिनिधिमंडल में भाकियू के मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, जिला अध्यक्ष चौधरी कुलदीप सिंह, युवा जिला अध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बाठ, जिला संरक्षक महेंद्र प्रधान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनखड़, चौधरी सुरपाल सिंह जितेंद्र पहलवान, सत्यपाल सिंह, जय सिंह सुधांशु चौधरी, विकास चौधरी आदि सम्मिलित रहे