नलकूप के पास मिला युवक का मिला शव
नजीबाबाद। गांव खलीलपुर के रातभर लापता रहे युवक आकाश का शव गांव से कुछ फासले पर नलकूप के निकट मिला। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।
ग्राम पंचायत खलीलपुर निवासी राम सिंह का 30 वर्षीय पुत्र आकाश बुधवार की देर शाम से लापता था। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। सवेरे उसका शव गांव से कुछ फासले पर एक नलकूप के निकट मिला। आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। गढ़वाला निवासी ग्राम प्रधान प्रशांत चौधरी के नलकूप के निकट युवक का शव मिलने की सूचना पर सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी रविंद्र कुमार वर्मा, कानपुर चौकी प्रभारी संदीप पंवार घटनास्थल पर पहुंचे। युवक के मुंह और नाक में खून देखकर पिता राम सिंह और परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आकाश का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की प्रतीक्षा है।
बुधवार शाम मां और पत्नी को दिलाई थी दवा
आकाश अपनी मां केशो देवी और पत्नी को दवा दिलाने के लिए बुधवार की शाम साहनपुर गया था। मां और पत्नी को दवा दिलाकर वह वहीं रुक गया और पूरी रात वह लापता रहा। परिजनों को संदेह है कि किसी ने उसे नलकूप क्षेत्र में ले जाकर उसकी हत्या की।