संवाद न्यूज एजेंसी
कालागढ़। पक्षी गणना के दौरान कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों में खूबसूरत चिड़ियों का संसार देखने को मिला। समूचे कार्बेट पार्क में 105 पक्षी विशेषज्ञों ने गणना में भाग लिया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डाॅ. धीरज पाण्डेय के निर्देशन में उप वन संरक्षक आशुतोष सिंह व कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक के मार्गदर्शन में कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, दिल्ली व उत्तराखंड के 105 पक्षी विशेषज्ञों ने 12 रेंज में 100 से अधिक ट्रेल में 26 टीमों ने पक्षी गणना के दौरान पक्षियों का खूबसूरत संसार देखा। गिद्धों के समूह, आईबिस रूबी थ्रोट, आईबिस बिल, वेलवेट फ्रंटेड नटहैच, ग्रे हैडेड कनेरी, फ्लाईकैचर जैसी अनेक खूबसूरत चिड़िया दिखाई दीं।
इस सर्वेक्षण के पूरा होने पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के अलावा कार्बेट फाउंडेशन, डब्ल्यूआईआई, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पक्षी सर्वेक्षण दो विधियों से किया गया।
- कालागढ़ में दो दिवसीय पक्षी गणना पूरी
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में की गई दो दिवसीय पक्षी गणना पूरी कर ली गई है।
रामगंगा नदी के तटीय क्षेत्र एवं शिवालिक पर्वत मालाओं के वनों में पक्षियों का अवलोकन पक्षी गणकों ने किया। कालागढ़ रेंज के पटेरपानी, सैडिल बांध, बोक्साड व कालागढ़ के मुख्य स्थान पर पक्षी गणना की गई। वन क्षेत्राधिकार नंदकिशोर रूवाली ने बताया कि गणना कार्य, पीसी मठपाल, चंद्रशेखर, सलमान अंसारी, कुनाल गोखले, पूरन सिंह, पूरन जोशी, सजल सिंह आदि ने की। कालागढ़ रेंज के 35 किलोमीटर की दूरी में यह गणना की गई।