बिजनौर, शेरकोट। क्षेत्र के एक पैरामेडिकल कॉलेज में फीस जमा करने की रसीद मांगने पर विवाद हो गया। विवाद की वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पीड़ित छात्रा ने कॉलेज प्रबंधन, स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की है।
मंडावर निवासी पीड़ित छात्रा जिया शर्मा का कहना है कि वह श्री सरस्वती दुर्गा पैरामेडिकल कॉलेज में जीएनएम की छात्रा है। आरोप है कि कोर्स की फीस जमा के बदले जब रसीद मांगी गई तो कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ ने उसके और उसके भाई तनिष्क के साथ मारपीट की। मोबाइल व अन्य दस्तावेज छीन लिए गए। मारपीट में छात्रा का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले को लेकर पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत की है। काॅलेज प्रबंधक डाॅ. आरके सिंह का कहना है कि फीस और रसीद को लेकर छात्रा और स्टॉफ के बीच कहासुनी हुई थी। मामले का पटाक्षेप कर छात्रा व उसके भाई को घर भेज दिया था। मारपीट का कोई भी मामला नहीं है। वहीं दूसरी ओर से पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।