हल्दौर। एक हजार और पांच सौ के नोटबंदी के बाद से बैंकों में कतार में लगना लोगों के दिनचर्या में शामिल हो गया है। मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में उपभोक्ताओं के बीच धक्कामुक्की हुई। इस आपाधापी में एक ग्राहक के पैर की हड्डी टूट गई। रकम नहीं मिलने से खफा लोगों ने भारतीय स्टेट बैंक का चैनल तोड़ दिया। पुलिस ने भीड़ को समझाबुझाकर स्थिति पर काबू पाया।
मंगलवार को हल्दौर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बाहर कड़ाके की ठंड में भी उपभोक्ताओं की सुबह से ही लंबी लाइनें लग गई। सुबह दस बजे बैंक खुलते ही उपभोक्ताओं में कैश के लिए धक्कामुक्की शुरू हो गई। धक्कामुक्की के दौरान मोहल्ला खेड़ा निवासी सोनू के पैर की हड्डी टूट गई। इसी बैंक में सतनाम कौर का सोने का कुंडल बैंक के बाहर गिर गया। स्थिति बेकाबू होते देख सुरक्षा गार्डों ने बैंक का चैनल बंद कर दिया। इससे खफा लोगों ने बैंक का चैनल तोड़ दिया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह शांत कर कैश वितरण कार्य शुरू करवाया। इस बीच कांस्टेबल शिव सिंह को बाहर पड़ा कुंडल मिल गया। उसने वह कुंडल उठाकर महिला को सौंप दिया। उधर, मैनेजर सुनील कुमार थापा ने कहा कि व्यवस्था को सुचारु बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है।