बिजनौर। जिले में संचारी राेगों की रोकथाम के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को सफाई और संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करेगी। सोमवार को सीएमओ कार्यालय से जागरूकता रैली निकालकर अभियान की शुरूआत की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले में 113 अति संवेदनशील इलाके चिन्हित किए हैं। जिनमें साल 2023 में डेंगू, मलेरिया, बुखार के अधिक मरीज मिले। इन इलाकों में अभियान का अधिक जोर रहेगा। इसके अलावा जिलेभर में जगह-जगह एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी। रैली जेल रोड से चांदपुर चुंगी से होते हुए मलेरिया कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही संचारी रोग से बचाव के संबंध में शपथ दिलाई। जिला मलेरिया अधिकारी मंजूषा गुप्ता ने कहा कि लोगों को मच्छरों के प्रकोप से बचाने और उनसे होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। लोगों को रिक्शा पर लगे लाउडस्पीकर और बैनर के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. पीआर नायर, एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा, आशुतोष सिंह, आदि मौजूद रहे।