पॉलिटेक्निक की छात्रा के अपहरण का प्रयास
बिजनौर। राजकीय पॉलिटेक्निक की एक छात्रा के अपहरण का प्रयास दो कार सवार युवकों ने किया। हालांकि किसी तरह छात्रा आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर तक पहुंच गई। मामले में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिजनौर शहर के एक मोहल्ले निवासी युवती राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा है। मंगलवार दोपहर छात्रा छुट्टी के बाद घर जा रही थी। इसी बीच स्कूल के पास से ही कार सवार दो युवक उसका पीछा करने लगे। उन्होंने छात्रा को कार में जबरन बैठाने का प्रयास किया। किसी तरह छात्रा आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि दूसरे वर्ग के आरोपी पिछले कई दिनों से छात्रा का पीछा कर रहे थे। आरोपियों ने छात्राओं को एक पर्चा भी जबरन थमा दिया, जिस पर उनका मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। आरोपी लगातार इस नंबर पर बात करने के लिए दबाव बना रहे थे। आरोप है कि कार सवार दोनों युवक उसे जबरन कार में बैठना चाह रहे थे। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है।