महिला को जलाकर मारने का प्रयास, हालत गंभीर
स्योहारा। महिला को जलाकर मारने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने गंभीर अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। इस मामले में पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपी फरार हैं।
मंगलवार रात गांव हरौली में गांववालों ने कुलविंदर के मकान से किसी महिला के बुरी तरह चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी। ग्रामीण उसके घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि अनीता आग की लपटों की चपेट में है। ग्रामीणों ने उसे आग से बचाने का प्रयास किया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस और अनीता के परिजनों को दी। ग्रामीणों का कहना है कि घर के सभी सदस्य फरार हैं। सूचना पर अनीता के मायके वाले और पुलिस भी पहुंची। बुरी तरह झुलसी अनीता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पीड़िता के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी बेटी का एक पांच वर्ष का पुत्र है। जिसका नाम आयुष है। आयुष बचपन से ही अपने नाना-नानी के पास रहता है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति कुलविंदर, ससुर रामसिंह, सास विरमोदेवी, ननद अंजू, ननदोई हरविंदर तथा एक अन्य युवक अशोक के विरुद्ध हत्या के प्रयास, दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कुलविंदर पर दूसरी शादी कर दूसरी पत्नी के साथ हरिद्वार में रहने का भी आरोप है। पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।