संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/बरूकी। विभागीय चर्चा, फीड बैक और एप डाउनलोड कर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों से ठगी का प्रयास किया गया। अचानक बड़ी संख्या में शिक्षकों में पास आए इस तरह के कॉल से अफरातफरी सी मच गई। बाद में विभाग से जुड़े व्हाट्स एप ग्रुप्स में मैसेज जारी कर सभी शिक्षकों को सतर्क किया गया।
शुक्रवार की सुबह बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के मोबाइल नंबरों पर 1076 मुख्यमंत्री आईडी या चार और छह अंकों वाले नंबरों से कॉल किए गए।
जिन शिक्षकों ने इन कॉल्स को रिसीव किया, उनसे काॅल करने वाले ने कुछ समय विभागीय चर्चा की और उसके बाद फीडबैक लेने के बाद एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। एप डाउनलोड करने के साथ ही उनसे ओटीपी बताने को कहा गया। अचानक आई इस तरह की कॉल्स से जिले भर के शिक्षक सकते में आ गए।
आपस में चर्चा हुई तो बात विभागीय अधिकारियों तक पहुंच गई। थोड़ी ही देर में विभाग की ओर से बनाए गए व्हाट्स एप गु्रप्स पर इस तरह की कॉल को लेकर सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए।
शिक्षकों को बताया गया कि विभाग की ओर से इस तरह का कोई फीड बैक नहीं लिया जा रहा है और न ही कोई एप डाउनलोड करने के लिए कहा जा रहा है।