संत कबीरनगर के पीडी डीआरडीए भी है इस मामले में आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पुलिस ने मनरेगा में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोप में कोतवाली ब्लाॅक के पूर्व सहायक लेखाकार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पूर्व बीडीओ तथा वर्तमान में संत कबीरनगर के परियोजना निदेशक भी नामजद आरोपी हैं।
ग्रामीणों ने कोतवाली देहात ब्लाॅक में मनरेगा में अनियमितता की शिकायत की थी। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर इसकी जांच हुई थी। जांच उपायुक्त श्रम रोजगार, अग्रणी जिला प्रबंधक पीएनबी और लेखा अधिकारी ने की थी। जांच में प्रथम दृष्टया 10,70,154 रुपये की वित्तीय अनियमितता पकड़ी गई थी।
सीडीओ पूर्ण बोरा के अनुसार मामले में तत्कालीन बीडीओ कोतवाली देहात तथा वर्तमान में पीडी संतकबीरनगर संजय कुमार नायक और तत्कालीन सहायक लेखाकार मनरेगा व वर्तमान में सहायक लेखाकार ब्लाॅक जलीलपुर इसरार अहमद आरोपी पाए गए थे। दोनों के खिलाफ 12 दिसंबर को बीडीओ कोतवाली ब्लॉक ऋषिपाल सिंह ने थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने सहायक लेखाकार इसरार अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। सीडीओ के अनुसार विकास कार्यों में घपलेबाजी कतई बर्दाश्त नहीं है। कोतवाली देहात ब्लाक में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की काफी शिकायत है। इस मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।