बिजनौर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर ढीकली में आंकलन परीक्षा देते छात्र छात्राएं।
घंटों की मशक्कत के बाद हो पाई सकी स्कैनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं की निपुण आकलन परीक्षा संपन्न हुई। कक्षा चार और पांच के छात्र-छात्राएं व्याकरण में उलझ गए। परीक्षा होने के उपरांत ओएमआर सीट को मूल्यांकन के लिए सरल एप पर स्कैन करने में शिक्षकों के पसीने छूट गए। घंटों की मशक्कत के बाद कॉपी स्कैन हो सकीं।
शनिवार को कक्षा चार से आठ तक के छात्र-छात्राओं की निपुण आकलन परीक्षा थी। सुबह नौ से 10 बजे तक छात्र-छात्राओं को प्रश्न पत्र हल करना था। इसके बाद 20 मिनट में ओएमआर सीट भरनी थी। परीक्षा होने बाद जब शिक्षकों ने ओएमआर सीट को मूल्यांकन के लिए सरल एप पर स्कैनिंग शुरू की तो एप ने काम ही नहीं किया। करीब एक घंटे तक कापियों की स्कैनिंग नहीं हो सकी। कुछ देर के लिए सरल एप ने काम करना बंद कर दिया।
दोपहर बाद तक यही क्रम चलता रहा। बाद में स्कैन की गई कापियों का ब्योरा दिखाई देना शुरू हुआ। जिला समन्वयक प्रशिक्षण ने बताया कि परीक्षा के लिए एक लाख 16 हजार 290 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें से एक लाख 3 हजार 285 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि परीक्षा संपन्न हुई। 15 सितंबर को होने वाली परीक्षा अब 21 सितंबर को होगी।