नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग पर भनेड़ा क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई स्कूली वैन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के किरतपुर में दिल्ली-पौड़ी नेशनल हाईवे पर स्थित गांव नंगला इस्लाम में अचानक टायर फटने से असंतुलित हुए ट्रक के सामने से आ रही स्कूली वैन टकरा गई। हादसे मेें वैन में सवार बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा वैन चालक, महिला कर्मी एवं छह बच्चे घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर एकत्र हुई भीड़ से जाम की स्थिति बनी रही। घटनास्थल पर पहुंचे एडीएम सीओ एवं थाना पुलिस ने भीड़ का समझा बुझाकर मौके से हटाया। चालक मौके से फरार हो गया। मंगलवार को दुपहर करीब दो बजे बिजनौर से नजीबाबाद की ओर जा रहे इफ्को यूरिया खाद से भरे ट्रक का अचानक टायर फट गया । ट्रक असंतुलित होकर सामने से आती एक स्कूल की वैन से टकरा कर पलट गया। वैन चालक ग्राम भनेड़ा निवासी शुऐब वैन में बैठी स्कूल की सफाई कर्मी आशादेवी पत्नी बालेश व सात स्कूली छात्र छात्राएं अब्दुल राफे, आफाफ खुशी , अख्तर, उमर फारूख , साफिया , इंशा , कहकंशा , जुबैया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को किरतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। वहां अब्दुल राफे (12) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वैन नजीबाबाद रोड स्थित ग्राम हुसैनपुर तिरगर के इस्लामिक विजन की थी।