नगीना। नगीना-बुंदकी-नजीबाबाद मार्ग पर ग्राम रावलहेड़ी में स्थित रेलवे फाटक पर उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। शासन ने रेलवे फाटक संख्या 477/बी पर करीब 73 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
इस मार्ग पर द्वारिकेश चीनी मिल है। चीनी मिल के चलते वाहनों का इस मार्ग पर खूब आवागमन रहता है। नजीबाबाद जाने के लिए भी अधिकतर लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ग्राम रावलहेड़ी में स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग क्षेत्र के लोगों द्वारा दशकों से की जा रही थी। शासन ने इस मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर दो लेन और 750 मीटर लंबाई के ओवरब्रिज निर्माण के लिए करीब 73 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। उम्मीद है कि जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
कांवड़ यात्रा के लिहाज से जरूरी है ओवरब्रिज
कांवड़ यात्रा के दौरान यह रेल फाटक पुलिस के लिए सबसे ज्यादा चिंताजनक रहता था क्योंकि फाटक बंद होने पर वाहन तो थम जाते हैं मगर कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त फाटक बंद होने पर खुलने का इंतजार नहीं करते। ऐसे में यहां पर भारी पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ती है ताकि कोई हादसा ना हो जाए। सीओ नजीबाबाद अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस फाटक पर कंट्रोल रूम बनाना पड़ा था। तीन निरीक्षक, छह उपनिरीक्षक और 25 सिपाही तैनात किए गए थे। अब ओवरब्रिज निर्माण कांवड़ यात्रा के लिहाज से बेहद उपयोगी रहेगा।