प्रशासन ने भारी वाहनों का आवागमन बंद कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। रायपुर- कोटद्वार मार्ग पर ग्राम साबूवाला में स्थित सुकरो नदी के पुल की एप्रोच रोड टूट गई। एहतियातन प्रशासन ने भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया है। बरसात के दिनों में पिछले कई सालों से यह समस्या हर वर्ष होती है। मगर, आज तक प्रशासन इसका ठोस इंतजाम नहीं कर सका है।
नगीना से रायपुर- कोटद्वार मार्ग पर स्थित सुकरो नदी के पुल पर बरसात के दिनों में हर वर्ष अप्रोच टूट जाने से आवागमन बंद होने की समस्या होती है। इस बार भी पिछले कई दिनों से पहाड़ों पर जोरदार वर्षा हुई तो पुल की एप्रोच एक साइड से टूट गई। इससे स्थानीय प्रशासन को भारी वाहनों का आवागमन बंद करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों तथा नगीना देहात थाना अध्यक्ष हमबीर सिंह जादौन ने टूटी हुई एप्रोच मार्ग का निरीक्षण किया।
उधर, एसडीएम अवनीश त्यागी का कहना है कि उन्होंने भी मौके का निरीक्षण किया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को मंगलवार शाम तक टूटी अप्रोच ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।