- माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आवेदन के लिए इस बार तय किए हैं कुछ नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में जिन विद्यार्थियों के कम नंबर आए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। बोर्ड ऐसे विद्यार्थियों को अंक सुधार के लिए इंप्रुवमेंट परीक्षा का मौका दिया है। इंटर के विद्यार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं। दोनों के पंजीकरण की प्रक्रिया 17 मई से शुरू हो गई है।
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार पंजीकरण ऑनलाइन हैं। विद्यार्थी यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmso.edu.in पर आवेदन कर सकते हैं। आखिरी तारीख 07 जून है। विद्यार्थी विस्तृत जानकारी डीआईओएस कार्यालय में प्राप्त कर सकते हैं। इंप्रुवमेंट तथा कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करने के नियम निर्धारित हैं।
ये हैं नियम
इंप्रुवमेंट परीक्षा हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए है। इंप्रुवमेंट परीक्षा एक विषय में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी दे सकते हैं। हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा वह विद्यार्थी दे सकता है जो 02 विषय में अनुत्तीर्ण है। उसे कंपार्टमेंट परीक्षा अनुत्तीर्ण वाले दोनों विषयों में से किसी एक विषय में देनी होगी। इंटर के विद्यार्थियों के लिए कंपार्टमेंट परीक्षा है। मानविकी, वैज्ञानिक तथा वाणिज्य वर्ग वाले विद्यार्थी किसी 01 विषय में कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं। कृषि भाग - 01 व 02 में निर्धारित विषयों में किसी 01 प्रश्नपत्र में, व्यावसायिक वर्ग के किसी ट्रेड विषय के किसी 01 प्रश्नपत्र में कंपार्टमेंट परीक्षा दे सकते हैं। हाईस्कूल की परीक्षा शुल्क 256.50 रुपये तथा इंटर की परीक्षा शुल्क 306 रुपये है।