चांदपुर में अंकित की शव यात्रा में उमड़ी भीड़ और तैनात पुलिस।
चांदपुर। रुपयों के लेनदेन में हुई अंकित की हत्या में मृतक के पिता ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंकित का अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बुधवार को मोहल्ला गोकुलनगर निवासी संजय सैनी के पुत्र अंकित सैनी (22) का शव मोहल्ले के ही मुकेश ठाकुर की सिलार रोड स्थित दुुकान में मिला था। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी मुकेश को भी पीटकर घायल कर दिया था। मृतक के परिजनों व मोहल्लवासियों ने आरोपी के खिलाफ जमकर हंगामा किया था। किसी अनहोनी की आशंका से आरोपी के घर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था।
मोहल्ला गोकुलनगर निवासी संजय सैनी ने बताया कि उनका पुत्र अंकित सैनी बुधवार को पुरानी मंडी के पास सिलारा रोड पर अपनी मोबाइल फोन की दुकान पर गया था। दोपहर करीब तीन बजे बिजली के सामान की दुकान करने वाले मुकेश पुत्र सुभाष ठाकुर व उसके पुत्र वंश ने उसके पुत्र को अपनी दुकान पर बुलाया था। रुपयों के लेनदेन की बात को लेकर मुकेश व उसके पुत्र वंश ने अपने साथी सचिन के साथ मिलकर अंकित की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। हत्या के विरोध में अंकित के परिजनों व समाज के लोगों ने काफी हंगामा किया था। हत्यारोपी के मकान पर पहुंच गए थे।
हंगामे की आशंका पर पहुंची चार थानों की पुलिस
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव के चांदपुर पहुंचने पर हंगामा की आंशका के चलते मृतक के मोहल्ले व घर पर तथा सुरक्षा की दृष्टि से हत्यारोपी के मकान पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय सहित सर्किल के चारों थाने शिवाला कला, नूरपुर, हीमपुर दीपा व चांदपुर कोतवाली की पुलिस फोर्स मौजूद रही। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंकित का अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशान घाट पर किया गया। पोस्टमार्टम के बाद अंकित का शव उसके घर तक पहुंचने से लेकर अंतिम संस्कार तक भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय ने बताया कि मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है।