तौल न होने से नाराज किसानों ने किया हंगामा
कोतवाली देहात। ग्राम सुनपता में बिलाई मिल के क्रय केंद्र पर आश्वासन के बाद भी मंगलवार को तौल न होने क्षुब्ध किसानों ने दूसरे दिन हंगामा कर धरना शुरू कर दिया। मिल और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मांग पूरी होने के लिखित आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान क्रय केंद्र पर एक बुग्गी गन्ना तौला गया।
गांव सुनपता में किसानों की मांग पर इस सत्र में बिलाई मिल का नवीन सत्र क्रय केंद्र शुरू किया गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि मिल ने गन्ना क्रय केंद्र पर कांटा तो लगा दिया, लेकिन उस पर अभी तक तौल शुरू नहीं की थी। जिसको लेकर भाकियू चढूनी के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी के नेतृत्व में कई किसानों ने सोमवार को सुनपता गन्ना क्रय केंद्र पर धरना दिया था। गन्ना समिति बिजनौर सचिव और मिल गन्ना प्रबंधक नवीन आर्य के मंगलवार से तौल शुरू कराने के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया था। लेकिन क्रय केंद्र पर मंगलवार को तौल नहीं हुई। जिससे क्षुब्ध किसान मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भर कर कलक्ट्रेट में ले जाने लगे।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद किसान बरूकी के पास से लौट आए। किसानों ने लौटकर क्रय केंद्र पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम नगीना शैलेंद्र सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, सीओ सदर अनिल कुमार, सीओ नगीना शुभ सुचित, जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना समिति बिजनौर सचिव और मिल गन्ना प्रबंधक नवीन आर्य धरना स्थल पर पहुंचे। एसडीएम नगीना, एसडीम सदर और जिला गन्ना अधिकारी ने तौल शुरू कराने या उनका गन्ना सट्टा बुंदकी मिल में स्थानांतरित कराने पर लिखित आश्वासन दिया, जिस पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान एक बुग्गी गन्ने की क्रय केंद्र पर तौल की गई। धरना स्थल पर जिलाध्यक्ष छतर सिंह, विकास चौधरी, धूम सिंह प्रधान, राकेश, सुरेंद्र सिंह प्रधान, लोकेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सुबोध कुमार, विशेष कुमार, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।