- राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का डीएफओ कार्यालय धरना जारी
- दिगंबर सिंह बोले - गुलदार नहीं पकड़ा तो पशुओं समेत किसान कलक्ट्रेट में डालेंगे डेरा
- फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद में गुलदार ने 12 इंसानों पर हमला कर उन्हें मार दिया। गुलदार के आतंक से निजात दिलाने को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने सोमवार को डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। वहीं, भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों व किसानों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर धरना दिया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का धरना जारी है। किसान नेता चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि प्रशासन इसका समाधान निकलवाए, वरना हम पशुओं सहित कलक्ट्रेट में डेरा डाल देंगे।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के युवा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह व जिलाध्यक्ष चौधरी नितिन सिरोही के नेतृत्व में किसान प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने गुलदार के आतंक को लेकर प्रदर्शन किया और परिसर में धरना देकर बैठ गए। धरने पर वक्ताओं ने कहा कि जनपद में भय का माहौल व्याप्त है, गुलदार अब तक 12 लोगों को मार चुका है। दिगंबर सिंह ने कहा कि अब बर्दाश्त नहीं होगा। जिला प्रशासन एवं वन विभाग गुलदार पकड़ने में कुछ नहीं करता, तो किसान स्वयं उससे निपटेंगे।
उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार ने किसानों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान धरना खत्म कर लौट गए। इस दौरान अतुल कुमार, गौरव कुमार, अंकित कुमार, उत्तम सिंह, मोहम्मद याकूब, सुरेंद्र सिंह, राकेश कुमार प्रधान, शंकर सिंह, विजयपाल सिंह, समरपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
उधर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले अनेक किसान डीएफओ कार्यालय पहुंचे और वहां प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि वन विभाग गुलदार किसानों व ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें मार रहा है और वन विभाग के अफसर कार्रवाई में लीपापोती कर रहे हैं। धरने पर ब्लाॅक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, मगन सिंह, वहीद खां, कृष्ण कुमार, खिलेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, राजपाल सिंह भगत जी आदि मौजूद रहे।