नहर पटरी मार्ग पर कूड़ा डालने से ग्रामीणों में रोष
मंडावली/नजीबाबाद। नगर पालिका के अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी नगर का कूड़ा गुलालवाली के पास नहर पटरी मार्ग पर डाले जाने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नगर का कूड़ा चाहरदीवारी के भीतर कूड़ा स्थल पर डलवाने की गुहार लगाई है, ऐसा न होने पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से गुलालवाली के पास नहर पटरी मार्ग से 25 मीटर दूर चिह्नित डंपिंग स्थल पर नगर का कूड़ा डलवाया जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों की उदासीनता के चलते सफाई कर्मचारी नगर का कूड़ा नहर पटरी मार्ग पर ही डालकर चले जाते हैं। पिछले महीने गांव गुलालवली, सीतावाली समेत आसपास के ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद पालिका के अधिकारियों ने चाहरदीवारी के भीतर कूड़ा डलवाने का आश्वासन दिया था।
ग्रामीण चरणजीत सिंह, जगविंदर सिंह, सुखजिंदर, हरजिंदर सिंह, सोनू का कहना है कि आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस है। कूड़ा मार्ग पर आने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मार्ग के आसपास डेरे बनाकर रहने वाले कई परिवारों का दुर्गंध से जीना दूभर हो गया है।
कूड़ास्थल पर चाहरदीवारी निर्माण का कार्य चल रहा है। बारिश होने से कूड़ा वाहन कूड़ा स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, लेकिन जेसीबी से कूड़ा पीछे हटवाया जा रहा है।
- अनिल कुमार, सफाई निरीक्षक