नजीबाबाद। भाई अनुराग की कलाई पर स्नेह का धागा बांधकर फुफेरे भाई जगदंबा को राखी बांधने जौनपुर जाते समय अनामिका की बाइक से गिरकर मौत हो गई। ग्राम पंचायत मोटाढाक के पूर्व प्रधान मनमोहन दुतपुड़ी की विवाहित पुत्री की मौत से परिवार में मातम छा गया।
कोटद्वार के किशनपुर से अपने भाई अनुराग को नजीबाबाद के गांव मोटाढाक में राखी बांधने आई 34 वर्षीय अनामिका की बाइक से गिरकर मौत हो गई। अनामिका अपनी ससुराल किशनपुर से मोटाढाक अपने भाई अनुराग राखी बांधने आई थी। अनुराग को राखी बांधने के बाद वह कोटद्वार के गांव जौनपुर अपने 55 वर्षीय फुफेरे भाई जगदंबा को राखी बांधने अनुराग के साथ बाइक से जा रही थी। जगदंबा को फालिज है और वह चलने-फिरने में असमर्थ है। अनामिका भाई अनुराग की बाइक पर बैठी थी। शुक्रवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे बीएल संपर्क मार्ग पर अचानक गड्ढे से बाइक अनियंत्रित हुई और अनामिका गिर गई। कोटद्वार के जिला चिकित्सालय पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
नजीबाबाद के सीमांत गांव मोटाढाक के पूर्व प्रधान मनमोहन दुतपुड़ी की विवाहित पुत्री की मौत से परिवार में मातम छा गया। ग्राम प्रधान सागर बडोला सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने मनमोहन दुतपुड़ी को पुत्री शोक पर संवेदना व्यक्त की।