अफजलगढ़ । बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में सड़क पर गिरी गांव आसफाबाद चमन निवासी 80 वर्षीया बिमला देवी पत्नी स्व. भगवंत सिंह की मौत हो गई। बिमला देवी मंगलवार को अपने घर के बाहर खड़ी थीं। तभी करीब 30 से 35 बंदरों का एक झुंड वहां आ गया। बंदर वृद्धा पर हमलावर हो गए। उनसे बचने और पीछे हटने के प्रयास में वृद्धा सड़क पर गिर गईं और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उनकी पुत्री सोनी और आसपास के लोगों ने बंदरों को भगाया और वृद्धा को घर के अंदर ले गए। इसी बीच वृद्धा ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि महिला के पति और पुत्र की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। उनका पौत्र दिल्ली में रहता है और पांच पुत्रियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। एक पुत्री सोनी मां के साथ ही रहती है। ग्रामीण सुरेश, राजेंद्र, गगन, धर्मेंद्र, संदीप, राजेश, अमर, मदन व शीशराम सहित अनेक लोगों का कहना है कि गांव में 400 से 500 बंदर मौजूद हैं, जो आए दिन लोगों को काटते हैं और घरों में रखे सामान व फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। इस संबंध में सीडीओ रणविजय सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारी को निर्देशित कर गांव में एक्सपर्ट टीम भेजकर बंदरों को पकड़वाया जाएगा।