बिजनौर, नजीबाबाद। अमृत भारत स्टेशन योजना में नजीबाबाद स्टेशन के जीर्णोद्धार के प्रथम चरण में प्लेटफार्म निर्माण कार्य शुरू किया गया है। जल्द ही स्टेशन भवन निर्माण कार्य शुरू होगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से नजीबाबाद रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार होगा। बिजनौर, धामपुर, नगीना स्टेशनों के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना में नजीबाबाद स्टेशन का भी कायाकल्प किया जाना है।
मुरादाबाद-लक्सर के बीच नजीबाबाद स्टेशन उत्तराखंड सीमा पर स्थित प्रमुख जंक्शन है। यहां से विभिन्न क्षेत्रों के लिए ट्रेनों का आवागमन होता है। अमृत भारत योजना में नजीबाबाद स्टेशन के भवन को नए सिरे से बनाने के साथ कई यात्री सुविधाएं दी जाएंगी। स्टेशन जीर्णोद्धार योजना के प्रथम चरण में प्लेटफॉर्म निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। पुराने प्लेटफार्म के चौड़ीकरण के साथ प्लेटफार्म को करीब एक फीट ऊंचा बनाए जाने की योजना है। जिससे यात्रियों को ट्रेनों से चढ़ने और उतरने में सुविधा हो सके।
नजीबाबाद के स्टेशन जीर्णोद्धार के प्रथम चरण में प्लेटफार्म एक, दो और तीन का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। प्लेटफार्म एक को योजना में लगभग 10 मीटर चौड़ा किया जाना है।मंडलीय रेल प्रबंधक राज कुमार सिंह ने निर्माण विभाग के मंडलीय अधिकारियों के साथ बुधवार को स्टेशन विकास योजना में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
स्टेशन विकास योजना के भवन निर्माण का नक्शा मिलते ही नए सिरे से भवन निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्टेशन विकास योजना में आदर्श नगर क्षेत्र के स्टेशन परिसर में यात्रियों को टिकट खरीदने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न प्लेटफार्म को जोड़ने के लिए रेलवे अन्य स्टेशनों की भांति यात्रियों के विभिन्न प्लेटफार्म पर आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज की सुविधा मिलेगी। अमृत भारत स्टेशन योजना में यात्रियों को कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।