किरतपुर। एक किसान ने नजीबाबाद तहसील के अमीन पर एक किसान पर बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड का समझौता कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने न्याय के लिए तहसील समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बाहूपुरा निवासी किसान विपिन ने प्रार्थना पत्र में बताया कि तीन वर्ष पूर्व उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक नजीबाबाद से कृषि कार्य हेतु ऋण लिया था। बीमारी के कारण वह ऋण चुका नहीं पाए, जिसके बाद बैंक ने आरसी जारी कर नजीबाबाद तहसील को भेज दी थी। इसके बाद नजीबाबाद तहसील में तैनात अमीन किसान के घर आया। उसने बताया कि वह बैंक से डेढ़ लाख रुपये में समझौता कराकर लोन खत्म करा देगा। किसान ने अमीन को डेढ़ लाख रुपये नजीबाबाद तहसील में दिए। जमानत के तौर पर अमीन ने किसान को यूपी ग्रामीण बैंक का अपने नाम का चेक दे दिया। छह माह बाद जब बैंक ने ऋण चुकाने के लिए किसान को नोटिस भेजा तो उसने अमीन से संपर्क किया, लेकिन अमीन ने किसी कारण रुपये जमा न होने की बात कही। तहसीलदार नजीबाबाद संतोष यादव ने बताया कि अमीन को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।