बिजनौर। अमर उजाला एवं धनी ज्वैलर्स की ओर से जनपद में 27 दिसंबर दिन शनिवार को सुबह 11.30 बजे सिद्धि रॉयल कैसल बाईपास रोड बिजनौर में प्रथमा 2025 आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपना योगदान देकर दूसरों के लिए उदाहरण बनीं महिलाओं को अमर उजाला प्रथमा-2025 सम्मान से नवाजा जाएगा।
अमर उजाला ने समाज निर्माण में अपनी बेहतर भूमिका का निर्वाहन करने वाली जनपद की महिलाओं को सम्मानित करने का बेड़ा उठाया है। अमर उजाला ने धनी ज्वैलर्स के संग जनपद में अपनी काबिलियत के बल पर समाज में एक मुकाम हासिल करने वालीं महिलाओं को सामाजिक कार्यों की गति बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
यह कार्यक्रम नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने और उनके उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। अमर उजाला प्रथमा-2025 कार्यक्रम में जनपद की शिक्षा, सेवा, चिकित्सा, समाज सेवा आदि क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालीं नारियों को शामिल किया जाएगा।