आकाशवाणी नजीबाबाद दो अक्तूबर से शुरू करेगा नए प्रसारण
नजीबाबाद। आकाशवाणी नजीबाबाद दो अक्तूबर से श्रोताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य के साथ उच्च गुणवत्ता के नए प्रसारण शुरू करेगा। प्रसारण से जुड़े अधिकारियों ने केंद्र के समानुदेशिती प्रसारण को मनोरंजक प्रसारण श्रोताओं तक पहुंचाने के टिप्स दिए।
एडीपी अमर सिंह के नेतृत्व में आकाशवाणी नजीबाबाद दो अक्तूबर से नए फिक्स प्वाइंट चार्ट के माध्यम से ज्ञान, मनोरंजन और शिक्षा से जुड़े महत्वपूूर्ण प्रसारण श्रोताओं को उपलब्ध कराएगा। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिशासी शोभित शर्मा, प्रसारण निष्पादक अंकित सैनी, वरिष्ठ उद्घोषक सुलेंद्र नौटियाल ने प्रसारण से जुड़े आकाशवाणी के समानुदेशिती को दो अक्तूबर से शुरु होने वाले नए प्रसारणों की जानकारी दी।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिशासी शोभित शर्मा ने दो अक्तूबर से प्रसारित नए कार्यक्रमों की जानकारी दी। केंद्र रविवार को दिन में 12:30 बजे से एक बजे तक चुनिंदा फिल्मों से जुड़ा कार्यक्रम फिल्मी संडे, शनिवार को 12:05 बजे से हैलो जिंदगी के स्थान पर श्रोताओं के एसएमएस, व्हाट्सएप पर आधारित कंपीयर्ड कार्यक्रम जिंदगी लाइव, रविवार को दिन में 12:05 बजे प्रसारित आपका पत्र मिला के स्थान पर श्रोताओं के व्हाट्सएप, एसएमएस पर आधारित कार्यक्रम आप और हम प्रसारित करेगा। सर्वश्रेष्ठ श्रोता की ऑडियो कॉल भी प्रसारण में शामिल होगी।
इनके अतिरिक्त आकाशवाणी नजीबाबाद द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को रात्रि 10:30 बजे से विशेष थीम पर आधारित रात के हमसफर और प्रत्येक सोमवार को रात्रि दस बजे से कंपीयर्ड कार्यक्रम भूले बिसरे गीत प्रसारित करेगा। केंद्र ने कई अन्य प्रसारणों को भी मनोरंजक और श्रोताओं की मंशा के अनुरूप ढालने की योजना बनाई है। प्रसारण समानुदेशिती ने नई ऊर्जा के साथ श्रोताओं को भरपूर मनोरंजन देने का संकल्प लिया।