बिजनौर। सावन की कांवड़ यात्रा को लेकर चल रहे ट्रैफिक डायवर्जन में दो दिनों की ढील रही। अब बृहस्पतिवार को फिर से लागू कर दिया गया और भारी वाहनों को जहां तहां रोक दिया गया।
बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस जिले की सड़कों पर डायवर्जन लागू कराने के लिए मुस्तैद रही। यातायात उपनिरीक्षक रवि नैन अपनी टीम के साथ अलग अलग प्वाइंट पर भारी वाहनों को डायवर्जन का इशारा करते रहे। बता दें कि सोमवार की दोपहर तीन बजे के बाद डायवर्जन में ढील दी गई थी।
दो दिनों तक भारी माल वाहक वाहन और ट्रक दौड़ते रहे। हालांकि इस ढील में सड़कों पर ट्रकों का पूरा दबाव रहा। यहां तक कि बैराज रोड पर बार बार जाम भी लगता रहा। जिसका कारण था सड़कों पर अलग अलग जगह खड़े छह हजार ट्रकों को उनकी मंजिल के लिए रवाना करना।
अब सोमवार फिर आने वाला है, ऐसे में सड़कों पर हरिद्वार से लौटने वाले शिवभक्तों के वाहनों की भीड़ रहेगी। इसके लिए डायवर्जन प्लान को फिर से लागू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को भारी वाहनों को फिर से रोका जाने लगा। इससे कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की वजह से कोई हादसा नहीं होने पाए।