पहाड़ों पर बारिश के बाद सूखास्रोत और रामगंगा में भी बढ़ा जलस्तर
कालागढ़। कालागढ़ में मंगलवार को हुई बारिश में सूखास्रोत का रौद्र रूप नजर आया। पहाड़ों पर हो रही बारिश के पानी से स्रोत में पानी का तेज प्रवाह हुआ। जिससे केंद्रीय कॉलोनी की ढांग को नुकसान पहुंचाया है। मंगलवार को कालागढ़ में भोर से ही मानसून की बारिश शुरू हो गई। मानसून की पहली बारिश में सूखास्रोत, चौड़ा स्रोत, धारा नदी व मीरास्रोत में पानी का तेज बहाव नजर आया। पर्वतों पर हो रही बारिश के कारण स्रोत ने केंद्रीय कॉलोनी की ढांग का कटान शुरू कर दिया। जिसकी जद में राजकीय आवासा आ रहे हैं। हालांकि यह आवास खाली पड़े हैं। बारिश से राजकीय संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा नई कॉलोनी, केंद्रीय कॉलोनी व पुराना कालागढ़ में जगह-जगह जलभराव हो गया। बारिश के चलते कालागढ़-धामपुर मार्ग पर यातायात के साधन कम ही चले। स्कूलों कॉलेजों में अध्यापकों को पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्वतों पर हो रही बारिश का पानी कालागढ़ से रामगंगा नदी में होकर हरेवली की ओर बढ़ गया।