- पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया, एक की तलाश
- पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था दोनों के बीच विवाद
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। पैसे के लेनदेन व मारपीट के विवाद में चार दोस्तों ने पहले अपने साथी मजदूर की गर्दन पर छुरी से वार कर उसकी हत्या की और बाद में शव को एक गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। जबकि एक युवक अभी फरार है।
गांव चमरावाला निवासी धनपाल सिंह ने 10 अगस्त को अपने पुत्र भूपेंद्र (23) के लापता होने के संबंध में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवक की तलाश में एक टीम गठित कर दी थी। जांच में पुलिस को चार युवकों पर संदेह हुआ तो गांव के ही शेखर, अरविंद व बृजेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों ने भूपेंद्र की हत्या कर शव को खो नदी के पास गड्ढे में दबा देने की बात स्वीकार कर ली। पैसों के विवाद में गर्दन पर छुरी से वार कर भूपेंद्र की हत्या की गई। एक अन्य आरोपी नौबहार फरार है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
भूपेंद्र के पिता और बृजेश का हुआ था विवाद
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि शेखर व भूपेंद्र पानीपत में एक साथ रहकर मजदूरी करते थे, जहां दोनों का पैसों को लेकर विवाद हुआ था। भूपेंद्र के पिता व बृजेश के पिता का करीब एक वर्ष पूर्व विवाद हुआ था। सात अगस्त को आरोपी अरविंद व भूपेंद्र के बीच मारपीट हुई थी। इन्हीं मामूली बातों को लेकर शेखर, अरविंद व बृजेश भूपेंद्र से रंजिश रखने लगे तथा उसे मारने की योजना बना डाली। आठ अगस्त को अरविंद व शेखर ने मृतक भूपेंद्र को खो नदी पर बहाने से बुलाया जहां गर्दन व सिर पर छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। 10 अगस्त को रात्रि में अरविंद, बृजेश और नौबहार ने शव को गड्ढे में दबा दिया था।