चांदपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षिका व पति को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया साथ ही निष्पक्ष जांच कराने व झूठा मुकदमा वापस लेने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को वैदिक कन्या इंटर कालेज चांदपुर में हुई संघ की बैठक में वक्ताओं ने विद्यालय की प्रवक्ता व उनके पति पर झूठा मुकदमा पंजीकृत कराए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। बैठक में शिक्षिका ने पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बिजनौर निवासी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी का प्रयोग कर झूठे मुकदमे में फंसाया है। महिला द्वारा शिक्षिका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व परेशान करने के उद्देश्य से मोबाइल पर व्हाट्सअप मेसेज और वॉयस मेसेज भेजे गए। इसकी सूचना उन्होंने सभी पुलिस उच्च अधिकारियों को भी दे रखी है लेकिन महिला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उसकी झूठी तहरीर पर थाना कोतवाली शहर बिजनौर में शिक्षिका के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिक्षिका माध्यमिक शिक्षक संघ जिला उपाध्यक्ष भी हैं। वक्ताओं ने कहा कि सम्मानित शिक्षिका का यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षक संघ ने थाना कोतवाली इंचार्ज और पुलिस प्रशासन की भर्त्सना करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करने व झूठा मुकदमा वापस लेने की मांग की है। प्रधानाचार्या शरन प्यारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रत्न प्रभा, मंजू शर्मा, आभा सिंह, रेखा रानी, रूही महताब, नीरा शर्मा, नीतू त्यागी, पूनम चौहान आदि सभी शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।