बरुकी। बिलाई चीनी मिल के क्रय केंद्र सिकैड़ा नवादा पर किसानों ने तौल लिपिक पर गन्ने की तौल में घटतौली करने का आरोप लगाया। किसानों ने क्रय केंद्र पर हंगामा किया। ट्राॅली में गन्ने की तौल कराने पर करीब दो कुंतल का अंतर सामने आया। किसानों की शिकायत पर मिल अधिकारी और एससीडीआई बिजनौर मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने कांटे की जांच की। किसान रूपेंद्र कुमार कुमार ने बताया कि क्रय केंद्र पर गन्ने की तौल में लगातार गड़बड़ी की आशंका थी। बुधवार को किसान रूपेंद्र कुमार ने जब ट्राली में गन्ने की दोबारा तौल कराई तो वजन में दो कुंतल का अंतर मिला। इस पर तौल लिपिक ने कांटा खराब होने की बात कही। मामले की सूचना मिलने पर मिल अधिकारी और एससीडीआई बिजनौर मौके पर पहुंचे और कांटे की जांच की।
इस दौरान किसानों ने घटतौल का आरोप लगाया और हंगामा किया।किसान रूपेंद्र कुमार, अशोक दुहन, विपिन कुमार, कक्कू आदि ने बताया कि गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी किसानों से अपील की गई कि वे अपने क्रय केंद्रों पर कांटे की जांच कराने के बाद ही गन्ने की तौल कराएं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटतौली पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर थाना प्रभारी सुनील सहरावत पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस द्वारा समझाने पर किसान शांत हुए। इस दौरान सौरभ कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, सतपाल सिंह, कामेंद्र सिंह, भोले आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में एससीडीआई ने बताया कि कांटे की जांच की गई है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।