नहटौर। धामपुर की एक युवती ने नहटौर के नई बस्ती हाथी मंदिर के पास निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार युवक से उसके पिछले करीब तीन वर्षों से संबंध थे। युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व गर्भवती होने पर आरोपी ने शादी के बाद बच्चा करने की बात कहकर दबाव बनाया और दवाइयां खिलाकर गर्भपात करा दिया। आरोप है कि गत 31 मार्च को तबीयत खराब होने पर आरोपी उसे एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां पत्नी बताकर भर्ती कराया। बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।