गंगा बैराज के पुल पर रोक के बावजूद भी निकलता ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर मे गंगा बैराज के पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भी पुलिस अवैध वसूली करने से बाज नहीं आ रही है। रात के अंधेरे में क्षतिग्रस्त पुल से पैसा लेकर पुलिस खूब ओवरलोड वाहनों को निकलवा रही है। पुलिस को पुल की कतई चिंता नहीं है। गंगा बैराज के क्षतिग्रस्त पुल पर बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। छोटे वाहन भी धीमी गति से जा रहे हैं। पुलिस को पुल के बैरियर पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस से वाहन कैसे निकलेंगे, यह जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने गंगा बैराज के पुल से वाहनों को निकालने के लिए अवैध वसूली का खेल शुरू कर दिया है। अंधेरे में पुलिस गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राली को 500 रुपये व ट्रक को एक हजार रुपये लेकर निकाल रही है। एसडीएम बृजेश कुमार के मुताबिक बैराज पर तैनात पुलिस को इस बारे में कड़े निर्देश दिए गए हैं। अगर वहां ओवरलोड वाहनों का आवागमन पाया गया तो वहां तैनात पुलिस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चालकों ने किराया बढ़ाया
बिजनौर में गंगा बैराज पुल पर भारी वाहनों के गुजरने पर पाबंदी लगने के बाद से टैंपो और ई-रिक्शा चलने लगे हैं। हालांकि ऑटो और ई रिक्शा-चालक यात्रियों से 35 रुपये तक किराया वसूल रहे हैं और मैक्स तथा पिकअप आदि वाहन 80 रुपये तक ले रहे हैं। वहीं, देवलगढ़ के पास प्राइवेट बसें आदि भारी वाहनों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैराज के मवाना साइड से टैंपों और ई-रिक्शा पुल पार कराने के दस रुपये और बिजनौर तक के 35 रुपये प्रति यात्री ले रहे हैं। काफी यात्री सामान खुद लिए गर्मी में पैदल पुल पार कर रहे हैं। नेशनल हाइवे की निर्माण इकाई ने छोटे वाहनों को भी पुल से 10 से 15 की स्पीड पर ही निकलवाने की सलाह दी है।