धामपुर। गांव जैतरा निवासी राजेश वाल्मीकि (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बस की छत से धक्का देकर हत्या किए जाने का आरोप एक युवक पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव जैतरा निवासी राधे श्याम वाल्मीकि ने तहरीर सौंपकर बताया कि उसका छोटा भाई लगभग राजेश वाल्मीकि पुत्र कल्लू वाल्मीकि सैनी समाज के एक व्यक्ति के दाह संस्कार में शामिल होने 10 सितंबर को बिजनौर गया था। आरोप है कि सैनी समाज के युवकों ने राजेश को बिजनौर में ही शराब पिलाई। वापस आते वक्त ये लोग बस की छत पर बैठ गए। आरोप है कि बिजनौर में इनमें एक युवक ने राजेश वाल्मीकि को बस की छत से धक्का दे दिया, जिससे उसे काफी चोट आई। इतना ही नहीं शुक्रवार देर रात आरोपी युवक ने उन्हें कॉल कर बताया कि राजेश ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया है। राजेश घर के पास उतर गया है, वहां से उठाकर ले जाएं।
राधेश्याम ने बताया कि यह सोचकर कि राजेश ने शराब पी है, उन लोगों ने उसे कमरे में सुला दिया। शनिवार सुबह जब वह लोग राजेश को उठाने के लिए पहुंचे तो वह मृत पड़ा था। उन्होंने बताया कि राजेश के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सीओ अंजनी चतुर्वेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।