गांव सराय निवासी कुलदीप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किया था वीडियो वायरल
इस प्रकरण में तहसीलदार चांदपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। सोशल मीडिया एक्स पर लेखपाल द्वारा किसान से रिश्वत लेने का मामला वायरल हो गया। इसकी जांच के बाद उपजिलाधिकारी ने लेखपाल को निलंबित कर दिया है। इस प्रकरण में तहसीलदार चांदपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बास्टा परगना के गांव सराय निवासी कुलदीप तोमर की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लेखपाल द्वारा रास्ता खुलवाने के एवज में रिश्वत मांगने की वीडियो पोस्ट की गई थी। वीडियो वायरल होने पर नायब तहसीलदार बास्टा की ओर से जांच की गई। नायब तहसीलदार बास्टा की जांच आख्या के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए लेखपाल राजेंद्र पाल भटनागर को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में राजेन्द्रपाल भटनागर लेखपाल को राजस्व निरीक्षक (कार्यालय कार्य) चांदपुर से संबद्ध किया गया है।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि किसान की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस प्रकरण में तहसीलदार चांदपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी को 15 दिन के भीतर विस्तृत रूप से आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है।