कोतवाली देहात/बिजनौर। किरतपुर मंडावर मार्ग पर टूटी सड़क में थ्री व्हीलर के अनियंत्रित होकर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में सात अन्य व्यक्ति मामूली रूप से चोटिल हो गए। सभी घायल एक आरिष्टी में शामिल होने जा रहे थे। व्यक्ति की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव राजोपुर सादात निवासी अमर सिंह अपने साथियों के साथ बालावाली क्षेत्र के गांव बेहड़ा में एक आरिष्टी में शामिल होने जा रहे थे।
सभी ने आरिष्टी में जाने के लिए थ्री व्हीलर को किराए पर कर लिया। किरतपुर के मंडावर जाते समय रास्ते में गड्ढायुक्त सड़क में थ्री व्हीलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अमर सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, वहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में गांव निवासी दयाराम सिंह, नरपाल सिंह, रूपचंद, रघुनाथ, डेविड, कपिल और मनोज मामूली रूप से चोटिल हो गए। उन्हें निजी चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार करा दिया गया है।
आरिष्टी में शामिल होने जाते समय हादसा हो गया। हादसे में मौत से परिजनों व रिश्तेदारों मेें कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।