समझौते के बाद एबीवीपी का धरना खत्म
बिजनौर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का वर्धमान कॉलेज प्राचार्य कार्यालय के गेट पर धरना समझौते के बाद बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता वर्धमान कॉलेज पहुंचे। वे प्राचार्य के कॉलेज में नहीं मिलने पर कक्ष के सामने धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि बीती आठ फरवरी को छात्र से मारपीट प्रकरण में प्राचार्य सीएम जैन ने एक सप्ताह में आरोपी प्रवक्ता के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की। धरने की जानकारी पाकर संयुक्त मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता व शहर कोतवाल राजेश सोलंकी विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। धरना खत्म करने को कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया। संबंधित प्रवक्ता ने खेद जताया। वहीं, प्रांत मंत्री हंस चौधरी ने कहा कि एक शिक्षक को छात्र से खेद प्रकट करना दुर्भाग्यपूर्ण है। विद्यार्थी परिषद इसका समर्थन नहीं करती है। यहां विभाग संयोजक शशिकांत बालियान, जिला संयोजक अभय भटनागर, छात्र नेता मोहित राजपूत, सुधांशु चाहल, हनी अहलावत, आर्य वर्मा, मिथुन पंवार, नीरज, अंजलि चौधरी, निक्कू, आयुष, दिव्यांशु, ओवेश आदि मौजूद रहे।