नहटौर। दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मंगलवार देर शाम स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव खुर्द कादराबाद निवासी सन्नी (25) पुत्र बंटी गांव के ही एक किशोर के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर में शादी समारोह से घर लौट रहे थे। धामपुर रोड पर गांव दुगरी के सामने उनकी बाइक सामने से आ रहे सेढा निवासी फैसल (22) पुत्र तसलीम तथा समीर (24) पुत्र फुरकान की बाइक से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार चारों घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजन फैसल को उपचार के लिए धामपुर ले गए, जबकि सन्नी, उसके साथी किशोर तथा समीर को पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल किशोर व समीर को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।