बिजनौर-मुरारादाबाद हाइवे पर ग्राम पैजनियां के पास ट्रक में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में गांव पैजनियां के निकट प्लास्टिक दाने से लदे एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की भीषण लपटों से हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर बामुश्किल काबू पाकर करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारु रूप से शुरू कराया।
शुक्रवार को पानीपत से एक ट्रक प्लास्टिक दाना भरकर कानपुर के लिए रवाना हुआ। शुक्रवार रात ट्रक मुरादाबाद मार्ग स्थित गांव पैजनियां के निकट से होकर गुजर रहा था। चालक मुस्तफा के अनुसार चलते ट्रक के पहिये में अचानक बर्स्ट हो गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में पलटने से बच गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक की उस ट्रक से टक्कर हो गई। दोनों ट्रक टकराने से प्लास्टिक दाना भरे ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने से ट्रक में आग लग गई। चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक में लगी आग की भीषण लपटों से हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने चांदपुर और बिजनौर से फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर बमुश्किल काबू पाया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने यातायात सुचारु रूप से शुरू कराया।