कार पर पलटा लकड़ी से लदा ट्रक, युवक की मौत
नहटौर(बिजनौर)। लकड़ी से भरा एक ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार पर पलट गया। कार में बैठे युवक की ट्रक के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को जेसीबी से बामुश्किल बाहर निकाला। ट्रक के चालक-परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
नहटौर धामपुर मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे धामपुर की ओर से एक लकड़ी से भरा ट्रक आ रहा था। ईदगाह मोड़ के निकट पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार पर पलट गया। लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक से चालक व परिचालक को बाहर निकाला। बाद में पता लगा कि मोहल्ला कस्बा निवासी आसिम (22) कार में बैठा था। उसका घर सामने ही था और वह कुछ देर पहले आकर ही वह कार में बैठकर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। इस दौरान हादसा हो गया। पुलिस व परिजनों ने उसे जेसीबी मशीन की मदद से बामुश्किल निकाला व सीएससी ले गए, जहां वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए। हादसे में कार चकनाचूर हो गई। ट्रक की चपेट में वहां खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश सोलंकी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। शव का पंचनामा भरकर उसे युवक के परिजनों को सौंप दिया गया।
इनसेट
युवक की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक आसिम व्यापारी असलम का पुत्र था। वह किराना के गोदाम पर पिता के साथ बैठकर उनकी मदद करता था। आसिम तीन भाइयों में दूसरे नबंर का था। कुछ माह पूर्व आसिम के बड़े भाई की भी बीमारी से मौत हो गई थी।