जलालाबाद फ्लाईओवर पर जाम में फंसे राहगीर। संवाद
जलालाबाद/नजीबाबाद। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर रविवार को जलालाबाद में करीब दो घंटे जाम लगा। जलालाबाद फ्लाईओवर पर गन्ने के ट्रक में तकनीकी खराबी के चलते दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। उधर, कल्हेड़ी फाटक पर भी जाम लगा रहा।
मेरठ-पौड़ी हाइवे के जलालाबाद फ्लाईओवर पर रविवार को दोपहर करीब 1:15 बजे जलालाबाद दिशा से चढ़ते हुए गन्ने से भरे ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाईओवर संकरा होने के कारण कुछ देर में फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति बन गई। वाहनों का अधिक दबाव बढ़ने पर दो बजे तक फ्लाईओवर के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ किलोमीटर तक लंबी दूरी के वाहन जाम में करीब डेढ़ से दो घंटे तक फंसे रहे।
उधर, हाईवे के जाम का अक्सर कल्हेड़ी फाटक पर भी पड़ा। कल्हेड़ी फाटक खुलने के बाद वाहनों के आवागमन से जाम ने और विकराल रूप ले लिया। करीब एक घंटे तक कल्हेड़ी मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
सूचना पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। थानाध्यक्ष राहुल कुमार, जलालाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेंद्र राठी और पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया। ट्रक की तकनीकी खामियां दूर होने पर ट्रक चीनी मिल की ओर रवाना हुआ। तीन बजे तक यातायात सामान्य हो सका। नहर पटरी मार्ग से भी वाहनों का आवागमन जारी रहा।
जलालाबाद फ्लाईओवर पर जाम में फंसे राहगीर। संवाद