बिजनौर। सदर विधायक सुचि मौसम चौधरी ने बिजनौर जिला मुख्यालय पर एक नई मंडी स्थापना की मांग उठाई है। इसके बाद मंडी परिषद ने डीएम और सदर विधायक को पत्र लिखकर जमीन तलाशने में मदद करने के लिए कहा है।
वर्तमान में बिजनौर में कोई सरकारी मंडी न होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं किरतपुर, नजीबाबाद, चांदपुर और हल्दौर जैसे अन्य क्षेत्रों में सरकारी मंडियों की उपलब्धता इस कमी को और उजागर करती है। विधायक सुचि मौसम चौधरी ने मंडी परिषद को एक पत्र लिखकर बिजनौर जिला मुख्यालय पर मंडी बनवाने की मांग की है। इस मांग के जवाब में, मंडी परिषद ने जिलाधिकारी बिजनौर और विधायक को एक पत्र जारी कर जमीन की तलाश में सहयोग का अनुरोध किया है। मंडी परिषद किसानों से सहमति के आधार पर जमीन खरीद सकती है, या फिर प्रशासन सरकारी भूमि उपलब्ध कराने में मदद कर सकता है।